नई टिहरी। कलक्ट्रेट में आयोजित जनता दरबार में 10 शिकायतें दर्ज हुई। एडीएम शिवचरण द्विवेदी ने लोगों की समस्याएं सुनते हुए विभागीय अधिकारियों को समस्याओं का जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए।
सोमवार को जिला कार्यालय में आयोजित जनता दरबार में पहुंचे जिला पंचायत सदस्य अनिल भंडारी ने बताया कि नरेंदनगर ब्लॉक के घरसेरा गांव में तीन माह से विद्युत आपूर्ति ठप पड़ी हुई है। उन्होंने खाड़ी क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति चंबा पावर हाउस से जोड़ने की मांग की। हडम की प्रधान अनीता कोठारी ने गांव के विजय दास और गजा में ग्राम बिरोगी की भगवती देवी को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की। चंबा में गढ़ गांव के लोगों ने सिंचाई के लिए पानी की व्यवस्था कराने की मांग की। नकोट छाती के ग्रामीणों ने घंटाकर्ण पेयजल पंपिंग योजना से जलापूर्ति कराने की मांग पर नरेंद्रनगर जल निगम को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। प्रगतिशील जन विकास संगठन के दिनेश प्रसाद उनियाल ने बताया कि योजना मेला में सक्षम अधिकारियों ने नहीं पहुंचने से लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। उन्होंने चाका, खाड़ी, नकोट, पौड़ीखाल में भी योजना मेला शिविर लगाने की मांग की। इस मौके पर सीवीओ डा. पीएस रावत, ईई लोनिवि केएस नेगी, ईई जल संस्थान सतीश नौटियाल, महाप्रबंधक उद्योग महेश प्रकाश, जिला सेवायोजन अधिकारी विक्रम आदि मौजूद थे।