नरेंद्रनगर (टिहरी)। उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर संघ ने लोनिवि के प्रमुख अभियंता के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने प्रमुख अभियंता पर स्थानांतरण एक्ट की धज्जियां उड़ाने का आरोप लगाते हुए बेमियादी कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया है।
इंजीनियर संघ ने लोनिवि कार्यालय के बाहर बेमियादी धरना शुरू करते हुए प्रमुख अभियंता के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि आठ और नौ जून को प्रदेश में अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, अपर सहायक अभियंता एवं कनिष्ठ अभियंताओं के हुए स्थानांतरण में व्यापक धांधलियां हुई है। कहा संघ लगातार सरकार एवं प्रमुख अभियंता से स्थानांतरण में सुधार करने की मांग कर रहा है। उन्होंने कहा कि जब तक स्थानांतरण सूची में सुधार नहीं किया जाता है, तब तक कार्यबहिष्कार जारी रहेगा। इस मौके पर जिलाध्यक्ष जयप्रकाश भट्ट, मनमोहन सिंह, नितिन सैनी, रिनी पांडेय, अरुण कुमार, नवनीत त्यागी, विजय कुमार, अनूप सकलानी, जाबिर अली, आशीष मित्तल आदि मौजूद थे।