नई टिहरी। पुनर्वास की मांग को लेकर पिछले 29 दिन से आंदोलनरत टिहरी बांध प्रभावित गांव के लोगों का सब्र अब जवाब देने लगा है। तीन दिन के अंतर्गत मांग पर कार्रवाई न होने पर बांध प्रभावितों ने 24 जून से अनशन शुरू करने का निर्णय लिया है। अनशन के एक सप्ताह बाद भी सकारात्मक निर्णय न होने पर टिहरी झील में जलसमाधि लेने की चेतावनी दी है।
टिहरी बांध प्रभावित नंदगांव, भटकंडा, उठड़, चौपड़ा, पयालगांव खांड धारमंडल, रौलाकोट, गढोली (रैका) गांव के 415 परिवार पुनर्वास करने, बांध प्रभावितों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग को लेकर 23 मई से पुनर्वास निदेशालय में धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। आंदोलन के 29वें दिन बुधवार को धरना स्थल पर हुई बैठक में आंशिक डूब क्षेत्र संघर्ष समिति के अध्यक्ष सोहन सिंह राणा, जाखणीधार ब्लॉक प्रधान संगठन के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह कुमाईं ने कहा कि मांग के समर्थन में 24 जून से भूख हड़ताल शुरू की जाएगी। फिर भी शासन-प्रशासन नहीं चेता तो अनशन के एक सप्ताह बाद प्रभावित टिहरी झील में जलसमाधि लेने को मजबूर होंगे। आज क्रमिक अनशन पर संजय भट्ट और राम सिंह पंवार बैठे रहे। इनके समर्थन में मंगसीरी देवी, रेखा भट्ट, सीमा रावत, खिलानंद भट्ट, विजयपाल सिंह रावत, सूरतीराम थपलियाल, उम्मेद सिंह सजवाण धरने पर बैठे रहे।