घनसाली (टिहरी)। भिलंगना क्षेत्र पंचायत की त्रैमासिक बैठक कोरम पूरा नहीं होने और जिला स्तरीय अधिकारियों के नहीं पहुंचने पर स्थगित हो गई। सदन में पहुंचे कुछ सदस्य काफी देर तक अन्य सदस्यों और अधिकारियों की राह ताकते रहे, लेकिन इंतजार के बाद भी जब अधिकारी नहीं पहुंचे और कोरम पूरा नहीं हो पाया, तो प्रमुख विजय गुनसोला को बैठक स्थगित करने की घोषणा करनी पड़ी।
शुक्रवार को भिलंगना ब्लॉक की बीडीसी बैठक बुलाई गई थी। सुबह कुछ सदस्य तो पहुंच गए, लेकिन कोरम पूरा करने के लिए जरूरी संख्या बल नहीं पहुंच पाया। जिलास्तरीय अधिकारी भी बैठक में नहीं पहुंच पाए। क्षेेत्र पंचायत सदस्य रामकुमार कठैत, दरम्यान सिंह रावत, गंभीर सिंह भंडारी, किशन सिंह रावत ने कहा की जब सदन का कोरम ही पूरा नहीं हो रहा है और अधिकारी भी नहीं पहुंचे है, तो बैठक कैसे हो सकती है। सदस्य किशन सिंह रावत ने सदन में शुरू होने से पहले मनरेगा पर चर्चा कराने और ब्लॉक कार्यालय में भ्रष्टाचार का मामला उठाया। हंगामा शुरू होते देख प्रमुख ने मंगलवार 22 मई को प्रधानों की बैठक बुलाने की बात कही, तो सदन शांत हो गए। सदस्यों ने आरोप लगाया कि बैठक की सूचना नहीं दी गई है, जिससे कई सदस्य बैठक में नहीं पहुंच पाए हैं। प्रमुख विजय गुनसोला ने कहा कि बैठक का कोरम पूरा नहीं होने और अधिकारियों के नहीं पहुंचने के कारण सदन स्थगित करना पड़ा है। उन्होंने कहा सदस्यों को सूचना क्यों नहीं पहुंची इसकी जांच की जाएगी। इस मौके पर ज्येष्ठ प्रमुख पूरब सिंह, तहसीलदार बुद्धि मिस्त्री, बीडीओ बीपी रिंगोड़ी, सुमन नैथानी, संतोष रावत, मदन सिंह, राजेद्र दोरियाल, सोहनलाल परोपकारी,चंद्र मोहन, सुनील सिंह आदि मौजूद थे।