नई टिहरी। उत्तराखंड कार्मिक, शिक्षक, आउट सोर्सिंग संयुक्त मोर्चा की बैठक में लंबित 11 सूत्री मांगों का जल्द निराकरण न होने पर 18 मई को जिला मुख्यालय में आंदोलन की चेतावनी दी।
वन चेतना केंद्र में आयोजित बैठक में विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने प्रदेश की भांति जिले में भी संयुक्त मोर्चा बनाने की सहमति दी, जिसमें डीपी चमोली को मुख्य संयोजक, श्याम सिंह सरियाल, जगवीर खरोला, चंद्रवीर नेगी, प्रताप सिंह चौहान, अजयपाल पंवार, बीएस राणा, मनवीर तड़ियाल, सुधा पांडेय, त्रिलोक नेगी, सूरत गुसाईं, रतन सिंह शाह, मंगल सिंह नेगी, शांति भट्ट, रामस्वरूप बिजल्वाण समेत कई कर्मचारी संगठन के पदाधिकारियों को संयोजक मंडल की जिम्मेदारी दी गई। उन्होंने शिक्षकों, कर्मचारियों को सेवाकाल के दौरान तीन पदोन्नति, एसीपी का लाभ, 46 सौ ग्रेड वेतन प्राप्त शिक्षकों के 17 हजार 140 रुपये मूल वेतन अनुमान्य कर संवर्गीय वेतन विसंगतियां को दूर करने, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को एसीपी के तहत ग्रेड वेतन 42 सौ देकर मृत्यु घोषित पदों को पुनर्जीवित करने, उपनल कर्मियों का नियमितीकरण करने समेत 11 सूत्री समस्याओं के निराकरण की मांग की।