नई टिहरी। हरिद्वार में हुई अंतर जनपदीय पुलिस महिला एथलेटिक्स प्रतियोगिता में टिहरी पुलिस की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सात स्वर्ण और दो कांस्य पदक अपने नाम किए। महिला आरक्षी पार्वती को प्रतियोगिता का सर्वश्रेष्ठ एथलीट चुना गया। खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन पर एसएसपी बिमला गुंज्याल ने उन्हें पुरस्कृत किया।
हरिद्वार में 26 से 29 अप्रैल तक 40वीं वाहिनी पीएसी हरिद्वार के मैदान में आयोजित पुलिस अंतर जनपदीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में टिहरी की महिला पुलिस एथलेटिक्स टीम ने बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया। महिला वर्ग की 100 मीटर और 200 मीटर रेस में आरक्षी पार्वती ने स्वर्ण पदक जीते। लंबी कूद और ट्रिपल जंप में शिल्पी ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। डिस्कस थ्रो में प्रियंका ने स्वर्ण, रिले रेस में पार्वती, अंकिता, शिल्पी और कविता ने स्वर्ण पदक जीता। भाला फेंक में हेड कांस्टेबल यशजीत ने स्वर्ण व प्रियंका ने कांस्य जीता। ट्रिपल जंप में शशि ने कांस्य पदक अपने नाम किया।