नरेंद्रनगर (टिहरी)। ऋषिकेश-गंगोत्री हाईवे पर भद्रकाली से लेकर चंबा के बीच जगह-जगह डंप पड़े ऑल वेदर रोड चौड़ीकरण का मलबा नहीं हटाने पर जिला प्रशासन सख्त हो गया है। मलबे की सफाई नहीं होने पर एसडीएम लक्ष्मीराज चौहान ने राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना क्रियान्वयन इकाई देहरादून, कार्यदायी संस्था गॉवर कंसट्रक्सन लिमिटेड के प्रबंधक का जवाब-तलब किया है। नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर जवाब देने को कहा है। ड्यूटी से नदारद रहने पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फकोट के चिकित्साधिकारी का भी एसडीएम ने जवाब-तलब किया है।
ऑल वेदर रोड चौड़ीकरण का मलबा भद्रकाली से लेकर चंबा के बीच जगह-जगह सड़क किनारे डंप पड़ा है, जिससे वाहनों के आवागमन में दिक्कत हो रही है। सड़क पर मलबा पड़े होने के कारण बीते दिन राजस्थान के यात्रियों को हरिद्वार से गंगोत्री लेकर जा रही एक बस फकोट (बेमर) में अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई थी। दुर्घटना में नौ यात्री घायल हो गए थे। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फकोट में डॉक्टर नहीं मिलने पर घायलों को संयुक्त चिकित्सालय नरेंद्रनगर में भर्ती किया गया।
एडीएम लक्ष्मीराज चौहान ने बताया कि ड्यूटी से नदारद रहने पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फकोट के चिकित्साधिकारी को नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब देने को कहा है।