चंबा (टिहरी)। प्रथम विक्टोरिया क्रास विजेता गबर सिंह नेगी की 133वीं जयंती पर 21 अप्रैल से चंबा में तीन दिवसीय मेला आयोजित किया जाएगा। मेले के सफल आयोजन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। आर्मी की पहल पर नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा।
वीसी गबर सिंह की जयंती पर 21 अप्रैल को स्थानीय लोग उनके पैतृक गांव मंज्यूड़ से ढोल-नगाड़ों के साथ मुख्य चौराहे पर स्थित स्मारक में पहुंचेंगे, जहां पूजा-अर्चना करने के बाद सेना के जवान शहीद को सशस्त्र सलामी देकर रितलिंग परेड करेंगे। छात्र-छात्राओं की मार्चपास्ट के साथ ही शौर्य चक्र विजेता 11वीं फील्ड रेजीमेंट के कर्नल मनु शुक्ला, 11वीं गढ़वाल राइफल के कर्नल एसएस चौहान मेले का शुभारंभ करेंगे। अगले दिन सुबह 10 बजे कुर्सी दौड़, रस्साकशी, आईटीबीपी की ओर से जूडो कराटे का प्रदर्शन किया जाएगा। निम के प्राचार्य कर्नल अजय कोठियाल कार्यक्रम में मुख्य अतिथि होंगे। समापन पर 23 अप्रैल को स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम और पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा।