नई टिहरी। टिहरी जिले की लचर स्वास्थ्य सेवाएं अब पटरी पर आने की उम्मीद जग गई है। प्रदेश सरकार ने जिले में 53 चिकित्सकों की तैनाती करने के आदेश जारी कर दिए हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हिंडोलाखाल को सर्वाधिक 6 नए डॉक्टर मिले हैं। जिले के छह दूरस्थ अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मैंडखाल, पाबकीदेवी, सत्यों, दीनगांव, घुत्तु और हुलाणाखाल में पहली बार डॉक्टरों की नियुक्ति की गई है।
टिहरी जिले में एक जिला अस्पताल, एक संयुक्त चिकित्सालय सहित कुल 59 अस्पताल हैं। इन अस्पतालों में डॉक्टरों के 226 पद स्वीकृत हैं। स्वीकृत पदों के सापेक्ष वर्तमान में 145 चिकित्सक ही कार्यरत हैं। डॉक्टरों के 81 पद लंबे समय से रिक्त होने के कारण दूर-दराज के अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाएं फार्मेसिस्ट और नर्स के भरोसे संचालित हो रही थी। लोगों की समस्याओं को देखते हुए प्रदेश सरकार ने जिले में 53 चिकित्सकों की नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए हैं। स्वास्थ्य सचिव की ओर से जारी आदेश में नवनियुक्त 53 चिकित्सकों को दो सप्ताह के भीतर कार्यभार ग्रहण करने को कहा गया है। सीएमओ डा. आरती ढौडियाल का कहना है कि सभी चिकित्सकों के कार्यभार ग्रहण करने के बाद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।