नई टिहरी। प्रतापनगर ब्लाक के सौड़ भदूरा निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक भगवती प्रसाद उनियाल को मुख्यमंत्री के मोबाइल एप पर शिकायत करने के बाद पेंशन और जीपीएफ की धनराशि का भुगतान हो गया है।
सौड़ निवासी भगवती प्रसाद उनियाल 31 मार्च 2017 को जूनियर हाईस्कूल सेमधार कोटालगांव से सेवानिवृत्त हुए थे। उन्होंने कई बार बीईओ प्रतापनगर, डीईओ टिहरी से जीपीएफ का भुगतान और पेंशन की मांग की थी, लेकिन शिक्षा विभाग की लचर प्रणाली के कारण उन्हें लाभ नहीं मिल पाया। इसकी शिकायत उन्होंने फरवरी में मुख्यमंत्री के मोबाइल एप पर की थी। मुख्यमंत्री ने शिकायत को गंभीरता लेते हुए जिलाधिकारी को भेजकर तत्काल निराकरण के निर्देश दिए थे। डीएम के हस्तक्षेप पर भगवती उनियाल को 13 लाख का जीपीएफ, एक साल से रुकी पेंशन और अप्रैल से नियमित पेंशन मिलनी शुरू हो गई है।