चंबा (टिहरी)। कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय आमपाटा (खाड़ी) का वार्षिकोत्सव बुधवार को धूमधाम के साथ मनाया गया। रंगारंग प्रस्तुतियों ने वार्षिकोत्सव में समा बांधा।
मुख्य अतिथि जिला योजना समिति के सदस्य राजेंद्र भंडारी, जिला पंचायत सदस्य अनिल भंडारी ने वार्षिकोत्सव का शुभारंभ किया। इस मौके पर अतिथियों ने कहा बेटियां ही देश का भविष्य है। इसलिए अभिभावकों को छात्राओं के सर्वांगीण विकास पर अधिक ध्यान देने की जरूरत है। छात्राओं ने उत्तराखंड की लोक कथा पर आधारित काफल पाको मी नि चाखो नाटक का मार्मिक मंचन किया। नरू-बिजूला लोक नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी गई। राज्य स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्र ज्योतिका कोठियाल, कोमल मेहरा को सभी क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन और शिवानी भारती को अच्छे अनुशासन के लिए पुरस्कृत किया गया। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका मंजू बहुगुणा ने बोर्ड परीक्षाओं में 75 प्रतिशत अंक लाने वाली छात्राओं को दो हजार रुपये वार्षिक छात्रवृत्ति देने की घोषणा की। इस मौके पर अभिभावक संघ की अध्यक्षा विमला देवी, प्रधान आमपाटा अनूप सिंह भंडारी, जमन सिंह भंडारी, जबर सिहं पंवार, लक्ष्मण सिहं रावत, अरंय रंजन, उमा ड्यूंडी व शिव प्रसाद पैंयूली आदि उपस्थित रहे। ब्यूरो