घनसाली (टिहरी)। बालगंगा महाविद्यालय के छात्र संघ समारोह में छात्र-छात्राओं और लोक गायक गजेंद्र राणा तथा साथी कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियां दीं।
रविवार को छात्र संघ समारोह का शुभारंभ विधायक शक्ति लाल शाह, पूर्व विधायक भीमलाल आर्य, ब्लॉक प्रमुख विजय गुनसोला, कॉलेज प्राचार्य डा. एसडी जोशी ने किया। विधायक शाह ने कहा कि शिक्षा से ही व्यक्ति को संस्कारवान बनने की सीख मिलती है। कहा कि घनसाली को आदर्श विधानसभा बनाने की दिशा में वह कार्य कर रहे हैं। उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए युवाओं से अपने सुझाव देने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख गुनसोला ने कहा कि छात्र जीवन से ही प्रत्येक बच्चे को अपने भविष्य को किसी भी क्षेत्र में आगे बढ़ाने का रास्ता मिलता है। उन्होंने कॉलेज में ब्लॉक प्रमुख निधि से एक कक्षा-कक्ष का निर्माण करने की घोषणा की। पूर्व विधायक भीमलाल आर्य ने कहा कि शिक्षा के मंदिर में दलगत राजनीति नहीं की जानी चाहिए। इस मौके पर कॉलेज के प्रबंधक बालकृष्ण नौटियाल, अली आजाद, चंद्र किशोर मैठाणी, छात्र संघ अध्यक्ष दीपक राणा, सचिन गोदियाल, जयवीर मियां, प्रमोद बिष्ट, परमवीर पंवार, अनिल चौहान, प्रशांत जोशी, नत्थी सिंह, गोविंद सिंह, अनिल चौहान, प्रभाकर भट्ट आदि उपस्थित रहे। संचालन सुनील सजवाण अैार मनोज रमोला ने किया है।