नई टिहरी। जिला कार्यालय में आयोजित जनता दरबार में ग्रामीण क्षेत्र से आए लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग, समाज कल्याण, आपदा और राजस्व विभाग से संबंधित 15 शिकायतें दर्ज कराई। डीएम सोनिका ने विभागीय अधिकारियों को तय समय पर समस्याओं का निस्तारण करने के निर्देश दिए हैं।
सोमवार को जनता दरबार में पहुंचे पयाल गांव के प्रधान उम्मेद सिंह ने कोटेश्वर बांध से प्रभावित पयाल गांव का पूर्ण विस्थापन करने की मांग पर डीएम ने ग्रामीण पुनर्वास प्रबंधक गणेश भट्ट से शासन से मार्गदर्शन मांगने के निर्देश दिए। गजा पोखरी के मंगलू ने पेयजल कनेक्शन देने की मांग पर जल संस्थान को कार्रवाई करने को कहा। चंबा के ढांग मल्ला की अनरदेई और भल्डीयाणा में जोगियाणा गांव के रामेश्वर ने आपदा से टूटे मकान, शौचालय का मुआवजा देने की मांग की। कोटीगाड़ के राजेंद्र सिंह ने कृषि ऋण वसूली में छूट देने की मांग की। चंबा मंज्याड़ गांव के जुपल सिंह ने गांव में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मृति द्वार बनाने की मांग करने पर ग्राम्य विकास विभाग को स्थान चयन करने को कहा गया।
गुल्डी गांव के मनवर सिंह ने राष्ट्रीय राजमार्ग 94 पर अधिग्रहण की गई भूमि का प्रतिकर भुगतान की मांग की। पडागली की प्रधान रमादेवी ने गांव के गांव के गंगटिप्पा तोक में हैंडपंप लगाने की मांग पर जल संस्थान को कार्रवाई के निर्देश दिए। कंगसाली के अर्जुन सिंह ने मदननेगी तहसील में सफाई कर्मचारी नियुक्त करने की मांग की। दरबार में सीएमओ डा. आरती ढौडियाल, डीडीओ भरतचंद्र भट्ट, डीईओ बेसिक सुदर्शन सिंह बिष्ट, ईई सतीश नौटियाल, केएस नेगी आदि मौजूद थे।