नरेंद्रनगर (टिहरी)। नंदा गौरा योजना में आय प्रमाण पत्र की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने नगर क्षेत्र में जुलूस निकालकर तहसील पर प्रदर्शन किया। प्रदेश सरकार पर बीपीएल परिवार की कन्याओं को नंदा गौरा योजना से जानबूझ कर वंचित रखने का आरोप लगाया। मांग के संबंध में मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित कर नंदा गौरा योजना का शासनादेश निरस्त करने की मांग की। ऐसा न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत स्थानीय लोग रामलीला मैदान में एकत्र हुए। वहां से जुलूस की शक्ल में मुख्य बाजार होते हुए तहसील पहुंचकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सरकार बेटियों के उत्थान की बात करती है, लेकिन नंदा गौरा योजना में आय प्रमाण पत्र की अनिवार्यता का शासनादेश जारी कर सरकार ने बीपीएल परिवार की कन्याओं को योजना से वंचित रखने का काम किया है। प्रदर्शनकारियों में पूर्व जिला पंचायत सदस्य सरदार सिंह पुंडीर, वाचस्पति रयाल, पूर्व पालिकाध्यक्ष सोबन सिंह नेगी, राजेंद्र सिंह राणा, मनीषा, विपिन रावत, महिपाल सिंह, गोविंद सिंह, जगमोहन सिंह, सुमन पुंडीर, पूनम, जशोदा देवी, राजपाल राणा, सुनील नेगी आदि शामिल रहे।