नई टिहरी। चारधाम यात्रा तैयारियों को लेकर जिला सभागार में आयोजित बैठक में डीएम सोनिका ने यात्रा मार्गों पर पानी, बिजली, चिकित्सा, संचार, खाद्यान्न, शौचालय, आवासीय और परिवहन सुविधाएं चाक-चौबंद कर पुलिस को निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
चारधाम यात्रा तैयारियों की बैठक में परिवहन विभाग को यात्रा मार्गों पर जाने वाले वाहनों को ग्रीन कार्ड जारी कर उसमें वाहनों की गति और यात्रा कार्यक्रम अंकित करने को कहा है। लोनिवि और बीआरओ संवेदनशील स्थानों पर जेसीबी तैनात कर आपदा कंट्रोल रूम को सूचना दें। पुलिस कंडीसौड़ और अन्य क्षेत्रों में यात्रा पुलिस चौकियां जल्द खोलें और चेकपोस्टों पर वाहन चालकों की एल्कोहॉल मीटर से जांच करें। डीएम ने अलग-अलग जगहों पर चिह्नित हेलीपैड की रिपोर्ट मांगते हुए चमियाला आईटीआई के पास और पिलखी अस्पताल के समीप हेलीपैड बनवाने के निर्देश दिए हैं। बैठक में डीएफओ डा. कोको रोसे, एसडीएम सीएस चौहान, एसई एनपी सिंह, सीओ हीरा सिंह रौथाण, डा. मनोज वर्मा आदि मौजूद थे।