लंबगांव (टिहरी)। चारधाम यात्रा को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग भी तैयारियों में जुट गया है। यात्रा के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट की संभावनाओं को देखते हुए विभागीय अधिकारियों ने यात्रा मार्ग के लंबगांव, ओखलाखाल, प्रतापनगर, रजाखेत और कांडीखाल बाजार की दुकानों में औचक छापेमारी की। टीम ने ताबड़तोड़ छापे मारकर 23 वस्तुओं के सैंपल भरकर उसे प्रयोगशाला जांच के लिए रुद्रपुर भेज दिया है।
सुरक्षा अधिकारी शारदा शर्मा के नेतृत्व में टीम ने लंबगांव, ओखलाखाल, प्रतापनगर, रजाखेत और कांडीखाल बाजार के दुकानों पर छापे मारे। निरीक्षण के दौरान टीम ने पाया कि तीन दुकानों में बिना लाइसेंस व्यापारी खाद्य पदार्थों की बिक्री कर रहे हैं। तीनों व्यापारियों को नोटिस जारी कर दो दिन के भीतर जवाब देने को कहा है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी शारदा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान पांच होटल और ढाबों में गंदगी पाई है। व्यापारियों को नोटिस जारी कर 15 दिन में जवाब देने को कहा है। निरीक्षण के दौरान अलग-अलग दुकानों से घी, रिफाइड ,बोतल बंद पानी, नमकीन, बिस्कुट, बैकरी बिस्कुट के सैंपल भरे गए हैं।