नई टिहरी। जाखणीधार, प्रतापनगर, भिलंगना, कीर्तिनगर और देवप्रयाग ब्लाक के लोगों को नई टिहरी-गडोलिया-मलेथा स्टेट हाइवे पर सुगम सफर तय करने के लिए कुछ दिन और इंतजार करना होगा। चारधाम यात्रा को देखते हुए लंबे इंतजार के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग खंड श्रीनगर से नई टिहरी-गडोलिया-मलेथा स्टेट हाईवे पर हॉटमिक्स शुरू कर दिया है। 31 मार्च तक कार्यदायी संस्था ने मार्ग का चौड़ीकरण और हॉटमिक्स कार्य पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
नई टिहरी-गडोलिया-मलेथा स्टेट हाईवे जाखणीधार, भिलंगना, प्रतापनगर, कीर्तिनगर और देवप्रयाग ब्लॉक की लाइफ लाइन है। 45 किमी लंबे मार्ग पर गत वर्ष जुलाई से राष्ट्रीय राजमार्ग खंड श्रीनगर ने 22 करोड़ की लागत से चौड़ीकरण और हॉटमिक्स कार्य शुरू किया था। अक्तूबर में निर्माण पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया था, लेकिन निर्धारित तिथि बीतने के बाद भी सड़क पर नारदाना, पैराफिट और नालियों का ही निर्माण पूरा नहीं हो पाया था।
चारधाम यात्रा को देखते हुए डीएम ने राष्ट्रीय राजमार्ग खंड को मार्च तक सड़क पूरी तरह चाक-चौबंद बनाने का नोटिस जारी किया था। सड़क पर हॉटमिक्स बिछाने का कार्य एक सप्ताह पूर्व पीपलडाली से शुरू कर दिया गया है। ईई जितेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि 31 मार्च तक हर हाल में नई टिहरी-गडोलिया-मलेथा स्टेट हाईवे पर चौड़ीकरण और हॉटमिक्स का कार्य पूरा कर दिया जाएगा।