ब्यूरो/नई टिहरी। नरेंद्रनगर-रानीपोखरी मोटर मार्ग अब डेढ़ लेन का बनेगा। प्रदेश सरकार ने डेढ़ लेन मोटर मार्ग निर्माण करने के लिए हरी झंडी दे दी है। 17 किमी लंबे इस मोटर मार्ग पर 29 करोड़ की लागत से चौड़ीकरण और डामरीकरण का कार्य होगा। कार्यदायी संस्था लोनिवि ने मार्च 2019 तक सड़क निर्माण पूरा करने को लक्ष्य निर्धारित किया है। इस मोटर मार्ग का निर्माण पूरा होने से टिहरी क्षेत्र के लोगों को देहरादून जाने के लिए 20 किमी का सफर कम तय करना पड़ेगा।
नरेंद्रनगर-रानीपोखरी मोटर मार्ग की निर्माण की स्वीकृति 2016 में मिल गई थी। नरेंद्रनगर से सात किमी तक लोनिवि सड़क निर्माण भी कर चुका है। कुछ काम रानीपोखरी की तरफ से भी हुआ है। प्रदेश सरकार ने अब नरेंद्रनगर-रानीपोखरी मोटर मार्ग को डेढ़ लेन का बनाने की स्वीकृति जारी कर दी है। लोनिवि नरेंद्रनगर के ईई मो. आरिफ खान ने बताया कि डेढ़ लेन सड़क की स्वीकृति मिल चुकी है। निर्माण कार्य शुरू करने के लिए टेंडर जारी कर दिया गया है। 29 करोड़ की लागत से सड़क का चौड़ीकरण और डामरीकरण किया जाना है।
नरेंद्रनगर-रानीपोखरी मोटर मार्ग निर्माण पूरा होने से नई टिहरी क्षेत्र से देहरादून जाने वाले लोगों को ऋषिकेश जाने की जरूरत नहीं होगी। वे सीधे नरेंद्रनगर से रानीपोखरी पहुंच सकते हैं। मार्ग के बनने से समय की बचत के साथ ही लोगों को देहरादून पहुंचने के लिए 20 किमी की दूरी कम तय करनी पड़ेगी।