थत्यूड़ (टिहरी)। सरकार ने जौनपुर के ककडू-खेड़ा मोटर मार्ग डामरीकरण के लिए हरी झंडी दे दी है, जिसके लिए 76 लाख 24 हजार की वित्तीय और प्रशासनिक स्वीकृति का शासनादेश जारी कर दिया है। डामरीकरण की स्वीकृति मिलने से क्षेत्रवासी काफी खुश हैं।
ग्राम पंचायत खेड़ा के अंतर्गत ककूड से खेड़ा तक सड़क का निर्माण सात साल पूर्व हो चुका था। डामरीकरण न होने से जगह-जगह हुए गड्ढे आए दिन दुर्घटना को न्योता दे रहे थे। क्षेत्र की जनता की मांग पर प्रदेश सरकार ने 9 मार्च को सड़क डामरीकण के लिए वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी है। लोनिवि के संयुक्त सचिव एसएस टोलिया की ओर से जारी शासनादेश में बताया गया है कि राज्य योजना के अंतर्गत सड़क डामरीकरण के लिए 76 लाख 24 हजार की वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी गई है। ग्राम प्रधान कुलवीर रावत, क्षेत्र पंचायत सदस्य चंद्रवीर पुंडीर, कृपाल रावत व विजेंद्र सजवाण ने सरकार का आभार जताया है।