नई टिहरी। हिंदी फिल्म ‘बत्ती गुल मीटर चालू’ की शूटिंग सोमवार को एक बार फिर पड़ियार हाउस में फिल्माई गई। इस बार नए सीन के बजाए पुराने सीन की ही शूटिंग हुई। फिल्म के अभिनेता शाहिद कपूर और अभिनेत्री श्रद्धा कपूर ने पड़ियार हाउस में इंडोर शूटिंग की। इस दौरान कई स्थानीय जूनियर आर्टिस्टों ने भी उनके साथ शॉट दिए।
फिल्म निर्देशक श्रीनारायण सिंह की फिल्म ‘बत्ती गुल मीटर चालू’ की शूटिंग सोमवार को पड़ियार हाउस में हुई। पड़ियार हाउस में बीती 11 फरवरी को हुई शूटिंग के सीन दोबारा फिल्माए गए। फिल्म में शाहिद कपूर के दोस्त की एक दुर्घटना में मौत के बाद शोक सभा की शूटिंग की गई थी, लेकिन निर्देशक ने इसमें फिर से कट करते हुए पूरा दृश्य दोबारा शूट करने का फैसला लिया।
सोमवार को श्रद्धा कपूर, शाहिद कपूर, रति शंकर के बीच शोक सभा के कई सीन पड़ियार हाउस में फिल्माए गए। नई टिहरी और आसपास के क्षेत्रों के कई स्थानीय कलाकारों ने भी सहायक की भूमिका निभाई।