नई टिहरी। राजकीय निर्माण निगम श्रीदेव सुमन विवि की अपेक्षा पर खरा नहीं उतर पाया है, जिससे विवि को परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। तय समय सीमा बीतने के एक साल बाद भी परीक्षा हाल और स्टोर भवन का निर्माण पूरा न करने पर विवि ने राजकीय निर्माण निगम को अनुबंध खत्म करने का अंतिम नोटिस जारी कर दिया है। आगामी 31 मार्च तक अनुबंध के अनुसार निर्माण पूरा न करने पर ब्लैक लिस्टेड करने की चेतावनी दी गई है।
श्रीदेव सुमन विवि संसाधनों के अभाव में जूझ रहा है। विवि मुख्यालय बादशाहीथौल में परीक्षा हाल और स्टोर रूम का अभाव बना हुआ है, जिससे विवि को अपनी प्राइवेट परीक्षा कभी इंटर कॉलेज तो कभी गढ़वाल विवि के एसआरटी परिसर में करवानी पड़ती है। स्टोर रूम की सुविधा न होने पर विवि को उत्तर पुस्तिकाएं और अन्य सामग्री अलग-अलग स्थानों पर रखनी पड़ती है। ऐसी स्थिति में उत्तर पुस्तिकाओं को सुरक्षित रख पाना विवि के सामने सबसे बड़ी चुनौती बनी रहती है। बार-बार उत्पन्न होने वाली इन समस्याओं से निपटने के लिए विवि ने वर्ष 2016 अक्तूबर माह में परीक्षा हाल और स्टोर भवन निर्माण करने का निर्णय लिया था।
परीक्षा हाल में एक साथ 500 छात्र-छात्राओं को परीक्षा देने की सुविधा मिलेगी। दो करोड़ 18 लाख की लागत से बनने वाले परीक्षा हाल और स्टोर भवन निर्माण की जिम्मेदारी विवि ने राजकीय निर्माण निगम को सौंपी थी। अनुबंध के अनुसार कार्यदायी संस्था को मार्च 2017 में उक्त भवनों का निर्माण पूरा कर विवि को हैंड ओवर करना था, लेकिन तय समय सीमा बीतने के एक साल में भी भवनों का निर्माण पूरा नहीं हो पाया है। कुपपति डा. यूएस रावत ने बताया कि राजकीय निर्माण निगम को दो बार पहले ही निर्माण पूरा करने का नोटिस दिया जा चुका था। एक मार्च को फिर अंतिम नोटिस जारी कर दिया गया है। यदि आगामी 31 मार्च तक निर्माण पूरा कर कार्यदायी संस्था ने विवि को भवन हैंड ओवर नहीं किया, तो उसे ब्लैक लिस्टेड कर दिया जाएगा। निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने पर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।