चंबा (टिहरी)। एक निजी मोबाइल कंपनी की ओएफसी लाइन ने चंबा-मसूरी फलपट्टी के गांवों को प्यासा कर दिया है। ओएफसी लाइन बिछाने के दौरान ठांगधार के निकट जेसीबी से पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने से लोगों को दो दिन से पानी नहीं मिल पाया है, जिससे क्षेत्र के लोगों को पानी के लिए भटकना पड़ा। हालांकि संस्थान का दावा है कि अब क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन की मरम्मत का कार्य पूरा हो चुका है। मंगलवार सुबह से पानी की आपूर्ति सुचारु हो जाएगी।
चंबा-मसूरी मोटर मार्ग पर इन दिनों एक निजी मोबाइल कंपनी ओएफसी बिछाने का काम कर रही है। दो दिन पूर्व ठांगधार के निकट केबिल लाइन बिछाने के लिए खुदाई के दौरान जेसीबी से जल संस्थान की पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिससे काणाताल, रौंसलीखाल, ठांगधार, जड़ीपानी में पानी की आपूर्ति बाधित हो गई थी। सूर्यप्रकाश रमोला, विकासचंद्र रमोला, विजयचंद रमोला का कहना है कि पेयजल संकट के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सूचना के बाद भी जल संस्थान ने पानी आपूर्ति करने के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की। मामले में जल संस्थान के जेई नीरज त्रिपाठी का कहना है कि एक दिन तीन फेस की लाइट नहीं आने के कारण खुरेतखाला से पानी पंपिंग नहीं हो पाया। दूसरे दिन पंपिंग शुरू हुई तो ओएफसी लाइन बिछाते समय जेसीबी से पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिसे अब ठीक कर लिया गया है। मंगलवार सुबह से पानी की आपूर्ति नियमित रूप से बहाल हो जाएगी।