नई टिहरी। अस्तित्व में आने के बाद श्रीदेव सुमन विवि की मार्च द्वितीय सप्ताह में पहली वित्त समिति की बैठक होगी। बैठक में शिक्षक और कर्मचारियों के मानदेय का निर्धारण, प्रवेश शुल्क और भवन निर्माण के लिए बजट अनुमोदित किया जाएगा।
श्रीदेव सुमन विवि 2012 में अस्तित्व में आ गया था, लेकिन कोरम के अभाव में पांच सालों में वित्त समिति की बैठक नहीं हो पा रही थी। गढ़वाल मंडल के 52 राजकीय महाविद्यालय इस सत्र से श्रीदेव सुमन विवि से संबद्ध होने पर अब जाकर वित्त समिति का कोरम पूरा हो पाया है। कोरम के अभाव में विवि का बजट अब तक शासन स्तर से ही अनुमोदित होता आया है।
मार्च द्वितीय सप्ताह में श्रीदेव सुमन विवि पहली वित्त समिति की बैठक आयोजित करने जा रहा है। इसके लिए तैयारियां शुरू हो चुकी है। कुलपति डा. यूएस रावत ने बताया कि वित्त समिति की बैठक में उच्च शिक्षा के प्रमुख सचिव, वित्त सचिव, शासन का एक नामित सदस्य, ईसी सदस्य प्रो. एमएमएस रावत, एक सीनियर प्रोफेसर, विवि का वित्त अधिकारी और कुलसचिव उपस्थित रहेंगे।