चंबा (टिहरी)। ऑल वेदर रोड का मलबा नागणी के समीप बसाल गांव के खेतों में डालने पर ग्रामीणों ने कड़ा आक्रोश व्यक्त किया। मलबा डंप करने पहुंचे ट्रकों को ग्रामीणों ने बैरंग लौटा दिया है। ग्रामीणों ने जबरन मलबा डाले जाने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
ऋषिकेश-चंबा राष्ट्रीय राजमार्ग पर ऑल वेदर रोड निर्माण के लिए पहाड़ी को काटकर जगह-जगह सड़क और गदेरों में मलबा डंप किया जा रहा है। बुधवार को डंपरों ने हाईवे पर बसाल गांव के सिंचित खेतों के ऊपर मलबा डालना शुरू किया, तो इसकी भनक लगते ही ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर मलबा डालने का विरोध किया। ग्रामीणों के तीखे तेवरों को देखते हुए बाद में मलबे से लदे डंपर लौट गए। ग्रामीणों का कहना है कि मलबा डंप किए जाने से उनके प्राकृतिक पेयजल स्रोत सूख जाएंगे। मलबा खेतों में पहुंचने से फसलों को नुकसान होगा। कहा कि बरसात के दिनों में यही मलबा हेेंवल नदी में पहुंचकर बड़ा खतरा पैदा कर सकता है। किसी भी सूरत में मलबा डालने नहीं दिया जाएगा। इस मौके पर प्रधान सुशीला देवी, सामाजिक कार्यकर्ता विजय जड़धारी, पूर्व सैनिक संगठन के जिलाध्यक्ष इंद्र सिंह नेगी, दर्मियान सिंह सजवाण, सुशील बहुगुणा, मुन्नी देवी, आशा देवी आदि शामिल थे।