कंडीसौड़ (टिहरी)। सरस्वती शिशु मंदिर हाईस्कूल का वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया गया। छात्र-छात्राओं ने गढ़वाली, जौनपुरी और हिंदी गीतों पर शानदार नृत्य कर नाटक के माध्यम से बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का संदेश दिया।
मंगलवार को आयोजित वार्षिकोत्सव के मुख्य अतिथि धनोल्टी विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने स्कूल में ई-क्लास का शुभारंभ किया। कहा कि पढ़ाई के साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने से छात्रों का उत्साह बढ़ता है। स्कूल प्रबंधन समिति की मांग पर विधायक ने जल्द निर्णय लेने का आश्वासन दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं ने गढ़वाली, जौनसारी और हिंदी गीतों पर शानदार नृत्य की प्रस्तुतियां दी। इस दौरान बोर्ड परीक्षा में अच्छे अंक हासिल करने वाले छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर विशिष्ट अतिथि ब्लॉक शिक्षाधिकारी विनीता कठैत, संभाग निरीक्षक नत्थीलाल बंगवाल, संरक्षक सरोप सिंह बिष्ट, प्रधानाचार्य चिरंजी लाल डबराल, शैलेंद्र भट्ट, शैला देवी, देवी सिंह डंडवाल, जयप्रकाश नौटियाल, विकास बिजल्वाण, प्रवीन खंडूड़ी, सकलानंद बलूनी, परिपूर्णानंद अवस्थी और देवचंद पुरसोड़ा आदि मौजूद थे।