नई टिहरी। जिला सभागार में आयोजित जनता दरबार में अधिकारी फरियादियों की राह ताकते रहे। दो घंटे तक चले जनता दरबार में महज चार ही फरियादी शिकायतें दर्ज कराने पहुंचे, जो कि लोनिवि, पेयजल, पंचायतराज विभाग और वन विभाग से संबधित थी।
सीडीओ आशीष भटगांई की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। विभागीय अधिकारी अपने लाव लस्कर के साथ जनता दरबार में ठीक 10.30 बजे पहुंच गए थे, लेकिन तब तक वहां एक भी फरियादी नहीं पहुंचा। अधिकारी इंतजार में बैठे रहे। 11 बजे मनियार पट्टी के ग्राम पंचायत कोट के सरपंच गंभीर सिंह सजवाण शिकायत दर्ज कराने आए। उन्होंने बताया कि पांच वर्षों में वन पंचायत को वन विभाग से कोई भी काम नहीं मिला। उन्होंने विभाग में वनीकरण करने, पौधों का रोपण करने का प्रस्ताव दिया था, लेकिन प्रस्तावों पर अमल नहीं हो पाया।
सीडीओ ने बताया कि बजट की कमी है। इस वित्तीय वर्ष में वन विभाग वन पंचायतों का काम देगा। अंथवाल गांव के प्रधान शिव प्रसाद अंथवाल ने बताया कि पूर्व में उनका इस्तीफा गलत तरीके से लिया गया था, जिस पर डीपीआरओ ने जांच की, लेकिन जांच रिपोर्ट की प्रति उन्हें उपलब्ध नहीं कराई गई। सीडीओ ने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा। केमर गांव के मो. राशीद ने खडीखाल से केमर, भैसवाडा, रौलियालगांव, चरखील, तनगला तक सड़क निर्माण की मांग की। सीडीओ ने लोनिवि के ईई को कार्रवाई करने के निर्देश दिए। निशा शर्मा ने जल संस्थान में वर्ष 2015 में मेकेनिकल वर्कर्स के तहत उपलब्ध कराई गई सेवा का भुगतान नहीं होने की शिकायत दर्ज कराई। सीडीओ ने ईई जल संस्थान को एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई का प्रकरण का निस्तारण करने को कहा।
जारी-गंगादत्त थपलियाल