नई टिहरी। जिला खेल विभाग की दो दिवसीय बालक एवं महिला ओपन वॉलीबाल प्रतियोगिता शुरू हुई। शुभारंभ मैच बालक वर्ग में जीआईसी ढुंगीधार ने सेंट एंथोनी को 21-15 और महिला ओपन में पीजी कालेज ने जीजीआईसी बौराड़ी को 21-15 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।
बौराड़ी स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता का पालिका के सभासद चिरंजीव तिवारी ने शुभारंभ किया। उन्होंने खिलाड़ियों को हार-जीत पर नहीं, बल्कि कड़ी मेहनत कर बेहतर प्रदर्शन करने पर जोर दिया। प्रतियोगिता के बालक वर्ग के दूसरे मैच में पैन्यूला क्लब ने जीआईसी मोलधार को 21-17 से हराया। तीसरे मैच में एनटीआईएस ने पांगरखाल क्लब को 21-12, चौथे मैच में केंद्रीय विद्यालय की टीम ने बुडोगी क्लब को 21-15 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।
महिला ओपन के द्वितीय मैच में जीजीआईसी बौराड़ी बी ने सेंट एंथोनी को 21-10, तृतीय मैच में जीजीआईसी बौराड़ी ने रानीचौरी को 21-15 से, चतुर्थ में पीजी कालेज ने रानीचौरी को 21-8 से हराकर दूसरे चक्र में जगह बनाई। प्रतियोगिता में नौ बालक और पांच महिला टीमें प्रतिभाग कर रही है। इस मौके पर निर्णायक यजुवेंद्र चौहान, बीएस धनोला, राहुल नेगी, मंजीत नेगी, अर्जुन बलूनी, डीएस चौहान, जितेंद्र नेगी, उमा खंडरी, अनुराधा बधानी, अनीता तिवारी, जयंती नेगी आदि मौजूद थे।