नई टिहरी। लंबे समय बाद भी निर्माण कार्यों का भुगतान न होने से उपेक्षित ठेकेदारों एवं जनप्रतिनिधियों ने लघु सिंचाई विभाग में तालाबंदी कर धरना दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं सरकार के उपेक्षापूर्ण रवैए से बजट नहीं दिया जा रहा है, जिससे ठेकेदारों का भुगतान नहीं हो रहा है। उन्होंने एक सप्ताह के अंदर लंबित बिलों का भुगतान न होने पर बेमियादी तालाबंदी की चेतावनी दी।
बुधवार को प्रतापनगर के जिला पंचायत सदस्य मुरारीलाल खंडवाल और चंबा के ज्येष्ठ प्रमुख नरेंद्र चंद रमोला के नेतृत्व में ठेकेदारों एवं जनप्रतिनिधियों ने कलक्ट्रेट से जुलूस निकालकर लघु सिंचाई कार्यालय में तालाबंदी की। उन्होंने धरना देते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कहा कि ठेकेदारों ने कई समय पूर्व निर्माण कार्य किए थे, लेकिन उनका भुगतान नहीं किया जा रहा है। उन्होंने डीएम को ज्ञापन देकर एक सप्ताह में भुगतान न होने पर बेमियादी आंदोलन की चेतावनी दी।
तालाबंदी करने वालों में द्वारिका भट्ट, रोशन नौटियाल, रघुवीर थलवाल, ध्यान सिंह रावत, मदन मिश्रवाण, विशन चंद रमोला, सचिदानंद, मनोहर सिंह, सुरेंद्र रमोला, सरोप रावत, मसूद हसन, जय सिंह मिश्रवाण, राजपाल पंवार, विक्रम शाह, दिनेश कुमार, श्याम लाल शाह, गोविंद रावत, अनिल राणा, दिनेश कृषाली, महेश शाह, धनवीर कलूड़ा आदि शामिल थे।