नई टिहरी। वर्ष 2021 में होने वाले कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर डीएम सोनिका ने विभिन्न विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की, जिसमें कुंभ मेला क्षेत्र मुनिकीरेती से देवप्रयाग तक जन सुविधाओं से संबंधित रिपोर्ट तैयार कर तीन फरवरी तक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। बैठक में अनुपस्थित रहे सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता का जवाब-तलब किया गया है।
मंगलवार को आयोजित बैठक में कुंभ मेला 2021 की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई। डीएम ने तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए मुनिकीरेती, तपोवन, व्यासी और कौड़ियाला से देवप्रयाग तक अवस्थापना सुविधाओं की जानकारी हासिल की। इस दौरान स्वच्छता पर विशेष ध्यान देते हुए शौचालय, कूड़ादान और अलग-अलग स्थानों पर वाहन पार्किंग, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, स्वास्थ्य, खाद्यान्न सुविधा बहाल करने के साथ आंतरिक सड़कों को भी दुरुस्थ करने को कहा गया। पर्यटन विभाग को राफ्टिंग क्षेत्र में बिना अनुमति के बनाए गए कैंपों को हटाने को भी कहा गया। बैठक में एसएसपी बिमला गुंज्याल, एसडीएम लक्ष्मीराज चौहान, डिप्टी सीएमओ डा. मनु जैन, एआरटीओ ज्योति शंकर मिश्रा, पर्यटन अधिकारी सोबत सिंह राणा आदि मौजूद थे।