नई टिहरी। टिहरी बांध विस्थापितों और प्रभावितों की 17 सूत्री मांगों को लेकर नागरिक मंच का प्रतिनिधिमंडल टिहरी सांसद मालाराज्य लक्ष्मी शाह से मिला। उन्होंने कहा कि बांध प्रभावितों के लिए गठित डा. हनुमंतराव कमेटी की सिफारिशों और मनवाधिकार आयोग के निर्देशों का कड़ाई से पालन करवाया जाए।
नागरिक मंच का प्रतिनिधिमंडल देहरादून में सांसद शाह से मिला। उन्होंने सांसद को बताया कि हनुमंत राव कमेटी ने प्रभावित और विस्थापित क्षेत्रों के लिए कई सुझाव दिए थे, जिन पर कोई अमल नहीं हुआ। साथ ही मानव अधिकार आयोग ने भी वर्ष 2016 में कई बिंदुओं के अनुपालन के निर्देश दिए थे। मंच के अध्यक्ष सुंदरलाल उनियाल ने सांसद को 17 सूत्री मांगपत्र सौंपा, जिसमें बांध प्रभावित क्षेत्र के विकास के लिए रिंगरोड, इसके निकट स्थानीय बेरोजगारों को रोजगार के लिए भूमि आवंटन, सगंध और औषधीय पौधों का रोपण, प्रभावितों को रोजगार देने, नई टिहरी में नि:शुल्क जल और न्यूनतम दाम में बिजली उपलब्ध कराना शामिल है। मंच ने कहा कि जल संस्थान नई टिहरी में लोगों से जबरन जलकर और सीवर शुल्क वसूल रहा है। प्रतिनिधिमंडल में मंच के मंत्री सीपी डबराल, कमल सिंह महर, उत्तम रावत, जीतराम भट्ट, किशोरी लाल चमोली आदि शामिल थे।