नई टिहरी। किसानों की आय दोगुना करने के लिए जिले की 75 न्याय पंचायतों में बनाए गए कलस्टरों से किसानों को हो रहे लाभ एवं विभाग की ओर से दिए जा रहे जानकारियों की जिलाधिकारी सोनिका ने समीक्षा की। उन्होंने ब्लाकों में तैनात कृषि एवं उद्यान के प्रभारियों से पूर्व के सापेक्ष वर्तमान में काश्तकारों की स्थिति की रिपोर्ट 10 दिन के अंदर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
मंगलवार को डीएम ने उद्यान व कृषि विभाग की समीक्षा करते हुए न्याय पंचायतों में कलस्टरों के माध्यम से किसानों की आर्थिक को बढ़ावा देने को किए जा रहे प्रयासों की प्रगति जानी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि धरातल पर कार्य दिखने चाहिए। कृषि क्षेत्र में अच्छा कार्य करने वाले काश्तकारों और कर्मचारियों को 26 जनवरी को सम्मानित किया जाएगा। मुख्य कृषि अधिकारी जेपी तिवारी ने बताया कि घनसाली क्षेत्र के में झील के आसपास की रिक्त भूमि टीएचडीसी के सहयोग से लेमन ग्रास का उत्पादन किया जाएगा। जिला उद्यान अधिकारी डा. डीके तिवारी ने विभागीय कार्यों की जानकारी दी।