चंबा (टिहरी)। नगर पालिका ने स्वच्छता रैंकिंग में अव्वल आने वाले स्कूलों, अस्पतालों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। पालिका के प्रांगण में आयोजित सम्मान समारोह का शुभारंभ विधायक धन सिंह नेगी ने किया। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने इस मौके पर पालिका की ओर से बनाई जा रही खाद योजना का शुभारंभ भी किया गया।
ईओ एसपी जोशी ने बताया कि आम लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए पालिका की ओर से नगर क्षेत्र में स्वच्छता की रैंकिंग की गई। स्वच्छता रैंकिंग के विद्यालय वर्ग में कार्मल स्कूल प्रथम, मॉडर्न स्कूल द्वितीय और सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज तीसरे स्थान पर रहा। होटल वर्ग में गौतम रेजीडेंसी प्रथम, देवकी पैलेस द्वितीय और सत्कार होटल तृतीय स्थान पर रहा। अस्पताल वर्ग में सीएचसी चंबा ने पहला स्थान, मसीहा अस्पताल ने दूसरा और राजकीय आयुर्वेदिक अस्पताल तथा संजीवनी आयुर्वेदिक अस्पताल ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया। विधायक नेगी ने स्वच्छता रैकिंग में आने वाले सभी विजेता लोगों के साथ ही ईओ एसपी जोशी, सभासदों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष विक्रम सिंह पंवार, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय नेगी, व्यापार सभा अध्यक्ष दर्मियान सिंह सजवाण, प्रमुख आनंदी नेगी, ममता उनियाल, ममता लेखवार, आनंद मोहन सकलानी, शिवप्रसाद उनियाल, हरिकृष्ण भट्ट, विक्रम सिंह चौहान आदि उपस्थित थे।