नई टिहरी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जलकर एवं सीवर शुल्क वसूल करने के विरोध में कलक्ट्रेट परिसर में सांकेतिक धरना देकर सरकार पर बांध प्रभावितों एवं विस्थापितों की उपेक्षा का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यदि जल संस्थान ने आरसी एवं कनेक्शन काटे, तो बेमियादी किया जाएगा।
सोमवार को शहर कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आयोजित धरने में कार्यकर्ताओं ने जमकर सरकार एवं जल संस्थान पर भड़ास उतारी। प्रदेश प्रवक्ता शांति प्रसाद भट्ट ने कहा कि देश को ऊर्जा देने को विस्थापितों, प्रभावितों ने अपनी माटी का बलिदान दिया है। वर्तमान में भी विस्थापित, प्रभावित समस्याओं को लेकर दर-दर भटक रहे हैं। जिलाध्यक्ष सूरज राणा ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने प्रभावितों, विस्थापितों से बिल नहीं वसूले। बावजूद भाजपा सरकार बनते ही बिल वसूली के नाम उत्पीड़न शुरू हो गया है। शहर अध्यक्ष देवेंद्र नौडियाल ने कहा कि टिहरी बांध को लेकर गठित हनुमंत राव कमेटी ने विस्थापितों, प्रभावितों से जलकर, सीवर और सस्ती दरों पर बिजली दिए जाने की सिफारिश की है। महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष दर्शनी रावत ने कहा कि लचर सेवाओं के कारण शहर में पेयजल की नियमित रूप से नहीं हो पा रही है। ऐसे में उपभोक्ताओं से बिल वसूली करना जायज नहीं है।
इस मौके पर दुग्ध संघ के अध्यक्ष पदम सिंह कुमाईं, प्रदेश सचिव राकेश राणा, संपत लाल शाह, पंकज रतूड़ी, मुर्तजा बेग, राजेश्वर बडोनी, रणजीत नेगी, साब सिंह सजवाण, सौरभ तड़ियाल, लखवीर चौहान, आदित्य शंकर खत्री, ज्योति भट्ट, पुरुषोत्तम थलवाल, राजपाल मियां, शकुंतला नेगी, विजयलक्ष्मी थलवाल, सुमन नैथानी, लखपति पोखरियाल, बृहस्पति भट्ट, मीना पुंडीर और संगीता नौटियाल आदि मौजूद थे।