नई टिहरी। टीएचडीसी इंडिया के सामाजिक एवं पर्यावरण के नवनियुक्त अधिशासी निदेशक व अध्यक्ष सेवा एचएल भराज ने जिला अधिकारी सोनिका से मुलाकात कर बांध प्रभावित क्षेत्रों में सीएसआर से कराए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।
ईडी भराज ने बताया कि रिम एरिया में सीएसआर के तहत टीएचडीसी की विभिन्न परियोजनाओं का संचालन किया जा रहा है। शहीद भगत सिंह कालेज दिल्ली, एचएनबी गढ़वाल केंद्रीय विवि, केवीके रानीचौरी के सहयोग से आजीविका संवर्द्धन के क्षेत्र में कई गतिविधियां संचालित की जा रही है।
ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि सुधार कार्यक्रम, महिला सशक्तिकरण के तहत प्रतापनगर ब्लाक में दीपामाई महिला कॉपरेटिव सोसाइटी की स्थापना, नगर पंचायतों को एक-एक कूड़ा उठाने का वाहन, शौचालय निर्माण, स्कूलों में फर्नीचर, कंप्यूटर, खेल सामग्री, ड्रेस, आरओ, फिल्टर, वाटर कूलर, पीजी कालेज नई टिहरी, सेंदुल, अगरोड़ा, लंबगांव के पुस्तकालय को पुस्तकें, अलमारियां, पौधरोपण, दीनगांव में एक आधुनिक चिकित्सा उपचार केंद्र, घौंतरी, गल्याखेत और कोटेश्वर में होम्योपैथी चिकित्सा केंद्रों की स्थापना समेत कई योजनाएं चलाई जा रही है। उन्होंने टीएचडीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डीबी सिंह की ओर बांध प्रभावित क्षेत्रों के विकास को प्रस्तावित योजनाओं की जानकारी दी। इस मौके पर सेवा टीएचडीसी के उप महाप्रबंधक सामाजिक अमरदीप, उप प्रबंधक सीएसआर शक्ति चमोली, वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी यतबीर सिंह चौहान मौजूद थे।