चंबा (टिहरी)। अब क्षेत्र के किसानों को अपनी फसलों को औने-पौने दामों में नहीं बेचना पड़ेगा। चंबा के निकट आराकोट में काश्तकारों को उपज का पूरा फायदा दिलाने के लिए मंडी खोलने के लिए जमीन का चयन हो गया है।
नए साल में चंबा-मसूरी फलपट्टी और हेंवलघाटी के काश्तकारों को बड़ी सौगात मिली है। क्षेत्र में बड़ी मात्रा में टमाटर, आलू, सेब, सब्जी और दलहन का उत्पादन होता है। मगर मंडी न होने के कारण किसानों को अपनी फसलों को बिचौलियों को बेचना पड़ रहा है। क्षेत्र के किसान लंबे समय से मंडी खोलने की मांग कर रहे थे, लेकिन कोई कार्रवाई न होने पर काश्तकारों का खेतीबाड़ी से भी मोहभंग होने लग गया था। अब लंबे इंतजार के बाद चंबा के निकट आराकोट में मंडी खोलने के लिए जगह का चयन हो गया है। विधायक धन सिंह नेगी ने कहा कि आराकोट में मंडी के लिए जगह का चयन हो गया है। इसकी डीपीआर तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रक्रिया पूरी होते ही मंडी का काम शुरू हो जाएगा।