नई टिहरी। ई-टेंडरिंग और बड़ी निविदाएं निरस्त करने की मांग को लेकर आंदोलनरत ठेकेदार संघ का बृहस्पतिवार को गुस्सा फूटा पड़ा। आक्रोशित ठेकेदारों ने लोनिवि के मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, प्रांतीय खंड, निर्माण खंड और पीएमजीएसवाई कार्यालयों में तालाबंदी की।
ई-टेंडरिंग के जरिए बड़ी निविदाओं को निरस्त करने की मांग को लेकर नई टिहरी और घनसाली में ठेकेदार संघ लंबे समय से आंदोलनरत है। घनसाली में ठेकेदार प्रतिदिन धरना कार्यक्रम और नई टिहरी में क्रमिक अनशन करते आ रहे है। बृहस्पतिवार को ठेकेदारों का गुस्सा लोनिवि के सभी कार्यालयों में फूटा पड़ा। बौराड़ी प्रांतीय खंड में एकत्रित होकर आक्रोशित ठेेकेदारों ने सबसे पहले वहां तालाबंदी कराई। उसके बाद मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, निर्माण खंड, पीएमजीएसवाई खंड प्रथम और द्वितीय में तालाबंदी की। प्रदेश सरकार पर तानाशाही होने का आरोप लगाते हुए कहा कि अपने चहेते और पूंजीपतियों को ठेका देने के लिए सरकार ई-टेंडरिंग कर रही है। तालाबंदी करने वालों में ठेकेदार संघर्ष समिति के जिलाध्यक्ष दिनेश चंद रमोला, दिवाकर प्रसाद भट्ट, आकाश कृषाली, राकेश राणा, कुशला नेगी, राय सिंह रावत, हर्षपति सेमवाल, शूरवीर सिंह आदि शामिल रहे। मांग के समर्थन में लूधर सिंह महर और मान सिंह धनाईं क्रमिक अनशन पर बैठे रहे।