नई टिहरी। प्रभारी डीएम/सीडीओ आशीष भटगांई ने कलक्ट्रेट में आयोजित जनता दरबार में लोगों की समस्याएं सुनी। उन्होंने अधिकारियों को जनता दरबार में आने वाली समस्याओं का तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए।
सोमवार को प्रभारी डीएम व सीडीओ आशीष भटगांई की अध्यक्षता में आयोजित जनता दरबार में व्यापारियों ने बौराड़ी स्टेडियम में लगे मेले की अवधि सात दिन और बढ़ाए जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। व्यापार मंडल के पूर्व अध्यक्ष अमरीश पाल, मोहन सिंह रावत, मुसरिक बेग, सुमन गौड़, रमेश चौहान, प्रताप नेगी, शहजाद अली, चंद्रमोहन, देवांक चमोली, हरीचंद थलवाल आदि ने बताया कि पालिका ने मेले के लिए 31 दिसंबर तक की अनुमति दी गई थी, लेकिन अब सात दिन और बढ़ाया गया है। कठूली गांव के पुरुषोत्तम लाल कटियाल ने आपदा के दौरान क्षतिग्रस्त हुए मकान का प्रतिकर भुगतान करने की मांग की। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी डा. शिवकुमार बरनवाल, प्रभागीय वनाधिकारी डा. कोको रोसे, डीडीओ भरत चंद्र भट्ट, एसडीएम चतर सिंह चौहान, जिला कार्यक्रम अधिकारी विक्रम सिंह, जिला सेवा योजन अधिकारी विक्रम आदि मौजूद थे।
सोते रहे अधिकारी
जिला सभागार में आयोजित जनता दरबार में चार अधिकारी सोते हुए मिले। अधिकारी बार-बार नींद की झपकी लेते रहे। अधिकारियों की हरकत देखकर प्रभारी डीएम ने उन्हें कड़ी फटकार लगाई। कहा यदि दोबरा सोते हुए मिले तो अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। कहा सौने के लिए जनता दरबार का मंच नहीं है।