नई टिहरी। जल संस्थान की लापरवाही नई टिहरी वासियों पर भारी पड़ रही है। नए साल के पहले दिन नगरवासियों को पानी नसीब नहीं हो पाया। पानी के लिए लोगों को दर-दर भटकना पड़ा। जल संस्थान की इस अव्यवस्था से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि बांध प्रभावितों से बिल वसूलने के लिए जल संस्थान तैयार है, लेकिन पानी की नियमित सप्लाई करने पर ध्यान नहीं दे रहा है।
नई टिहरी में पिछले एक सप्ताह से पानी की नियमित आपूर्ति नहीं हो पा रही है। एक दिन छोड़कर दूसरे दिन पानी की आपूर्ति बड़ी मुश्किल से हो पा रही है। लेकिन नए साल के पहले दिन सोमवार को यह व्यवस्था भी दम तोड़ गई। सोमवार को जी ब्लॉक, एच, जे, सी टाइप टू सहित नई टिहरी क्षेत्र में कहीं भी पानी की आपूर्ति नहीं हो पाई। पानी की आपूर्ति ठप होने से महिलाएं और बच्चे दिनभर छमुंड और डाइजर से पानी ढोते हुए दिखे। कांग्रेस नेता आकाश कृषाली का कहना है कि टिहरी बांध प्रभावितों के पानी के बिल जल संस्थान माफ नहीं कर रहा है। बिल जमा न करने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट रहा है, लेकिन लचर पानी वितरण की व्यवस्था को सुधारने का प्रयास नहीं कर रहा है। जल संस्थान के ईई सतीश चंद्र नौटियाल का कहना है कि बौराड़ी टैक्सी स्टैंड के समीप बीती रात को पाइप लाइन फट गई है, जिससे नई टिहरी में पानी की आपूर्ति बाधित हुई है। लाइन मरम्मत का कार्य चल रहा है।