घनसाली (टिहरी)। ई-टेंडरिंग और बड़ी निविदाएं निरस्त करने की मांग को लेकर 14 दिनों से आंदोलनरत ठेकेदार संघ का आंदोलन थमने का नाम नहीं ले रहा है। बृहस्पतिवार को अपनी एक सूत्री मंाग को लेकर आक्रोशित ठेकेदारों ने लोनिवि कार्यालय में तालाबंदी की। मौके पर पहुंचे तहसीलदार बुद्धि मिस्त्री ने ठेकेदारों को शुक्रवार को घनसाली आ रहे सीएम से वार्ता कराने का आश्वासन दिया। तब एक घंटे बाद ठेकेदारों ने कार्यालय के ताले खोले।
तालाबंदी करने वालों में ठेकेदार संघ के अध्यक्ष रविंद्र बिष्ट, गजेंद्र सिंह, कमल सिंह चौहान, कपिल बडोनी, विक्रम असवाल, सुंदर सिंह, विकास सेमवाल, शीशम सिंह रावत, मोर सिंह व भरत सिंह आदि शामिल रहे।
ठेकेदारों ने शुरू किया क्रमिक अनशन
नई टिहरी। ठेकेदार संघ ने सरकार की टेंडर नीति के विरोध में प्रांतीय लोनिवि बौराड़ी परिसर में क्रमिक अनशन शुरू कर दिया है। ठेकेदारों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उपेक्षा का आरोप लगाया।
संघ के अध्यक्ष कुशाल सिंह नेगी के नेतृत्व में लोनिवि परिसर में पहले दिन मोहन लाल सेमवाल और फते सिंह रमोला क्रमिक अनशन पर बैठे। ठेकेदारों ने कहा कि सरकार की टेंडर नीति बड़े ठेकेदारों को लाभ पहुंचाने वाली है। बड़ी निविदाओं के कारण स्थानीय छोटे ठेकेदारों के सामने रोजगार का संकट पैदा हो गया है।
ठेकेदारों ने कहा कि शुक्रवार को घनसाली आ रहे मुख्यमंत्री को भी ज्ञापन दिया जाएगा। इस मौके पर भरत रावत, टीकाराम रतूड़ी, विनोद ममगाईं, जसपाल नेगी, धनपाल रावत, रमेश खरोला, महाजन पंवार, सरोप रावत मौजूद थे।