नई टिहरी। गढ़वाल विश्वविद्यालय की सेमेस्टर परीक्षा में यहां बृहस्पतिवार को पीजी कॉलेज में बीकॉम के छात्रों को बीए का प्रश्नपत्र थमा दिया गया। प्रश्नपत्र वितरण में हुई इस गड़बड़ी के चलते बीकॉम तृतीय सेमेस्टर के 36 छात्र परीक्षा देने से वंचित रह गए। दोबारा परीक्षा आयोजित कराने की मांग को लेकर छात्रों ने कॉलेज में जमकर हंगामा काटा। प्राचार्य डा. अशोक कुमार ने छात्रों को विवि अधिकारियों से संपर्क कर जल्द दुबारा से परीक्षा आयोजित करने का आश्वासन दिया, तब जाकर छात्रों का गुस्सा शांत हुआ।
पीजी कॉलेज नई टिहरी में इन दिनों गढ़वाल विश्वविद्यालय की सेमेस्टर परीक्षाएं चल रही हैं। बृहस्पतिवार को बीकॉम तृतीय सेमेस्टर के छात्रों की ‘हिंदी गद्य का उद्भव एवं विकास’ प्रश्नपत्र की परीक्षा होनी थी। छात्र-छात्राएं परीक्षा कक्ष में पहुंचे तो उन्हें बीए तृतीय सेमेस्टर हिंदी भाषा और साहित्य का प्रश्न पत्र थमा दिया गया। प्रश्नपत्र देखकर छात्र उलझन में पड़ गए।
आक्रोशित छात्रों ने हंगामा शुरू कर दिया। प्राचार्य डा. अशोक कुमार के सामने विरोध जताते हुए छात्रों ने कहा कि विवि प्रशासन जानबूझ कर छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ कर रहा है। पूर्व में भी विवि प्रशासन ने रसायन विज्ञान और इतिहास का गलत प्रश्नपत्र भेज दिया था। प्राचार्य ने छात्रों को आश्वासन दिया कि जल्द ही बीकॉम तृतीय सेमेस्टर के उक्त प्रश्नपत्र की परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस दौरान पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष शुभम नेगी, पर्वत कुमाईं, आशीष मेहरा, दीपक पेटवाल व विकास आदि उपस्थित थे।