नई टिहरी। शिक्षा और खेल मंत्री अरविंद पांडेय ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में एकरूपता लाने के लिए आईसीएसई बोर्ड के विद्यालयों कोे छोड़कर प्रदेश के सभी स्कूलों (निजी-सरकारी) में इसी सत्र से एनसीईआरटी पाठ्यक्रम लागू किया जाएगा। इसके अलावा, ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए जनवरी में सभी 95 ब्लॉकों में बालक-बालिकाओं की 800 मीटर की दौड़ कराई जाएगी। ब्लॉक स्तर पर प्रथम आने वाले को स्कूटी तथा जिले में प्रथम स्थान पाने वाले को कार दी जाएगी। इसके बाद प्रदेश स्तर पर चयनित खिलाड़ी को सरकार प्रशिक्षण देगी। शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय ने ये बातें बहुउद्देशीय सभागार में जनता दरबार/जन संवाद कार्यक्रम में कही।
उन्होंने कहा कि सभी स्कूलों में बुक बैंक बनाया जा रहा है जहां से गरीब बच्चों को नि:शुल्क पुस्तकें दी जाएंगी। खेल मंत्री पांडेय ने कहा कि खेल संघों ने यदि अपनी कार्य संस्कृति नहीं बदली तो उनके खिलाफी कार्रवाई की जाएगी। छात्रों से कहा कि डॉक्टर, इंजीनियर, मंत्री और विधायक बनना आसान है, लेकिन अच्छा इंसान बनना मुश्किल है। यही वजह है कि मैं खुद तय नहीं कर पा रहा हूं कि मैं ईमानदार हूं या बेईमान क्योंकि शिक्षा विभाग को लोग तबादला उद्योग के नाम से जानते हैं।
जन संवाद कार्यक्रम के तहत विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं में पलायन, कृषि, रोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण और सुशासन विषय पर भाषण प्रतियोगिता कराई गई। प्रतियोगिता में पीजी कॉलेज नई टिहरी की काजल प्रथम, भरत बिष्ट द्वितीय और हरीश सिंह तृतीय रहे।
इस मौके पर सीडीओ आशीष भटर्गाइं, जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवाण, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय नेगी, जाखणीधार प्रमुख बेबी असवाल, खेम सिंह चौहान, विक्रम सिंह कठैत, अनुसूया प्रसाद नौटियाल, सीईओ डीसी गौड़, ईई जगमोहन चौहान, कमल सिंह नेगी, सतीश चंद्र नौटियाल आदि उपस्थित रहे।