नई टिहरी। जिले के तीन बाल वैज्ञानिक 27 से 31 दिसंबर तक साइंस सिटी अहमदाबाद में होने वाली राष्ट्रीय स्तर की बाल विज्ञान कांग्रेस में राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे।
राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के जिला समन्वयक मनोज किशोर बहुगुणा ने बताया कि 20 दिसंबर को आंचलिक विज्ञान केंद्र विज्ञान धाम झाझरा में संपन्न राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस में जिले के राजकीय इंटर कॉलेज गोनीखाल की अंजली बलूनी, जीआईसी खरसाड़ा पालकोट के चंद्रमोहन और जीआईसी कांडीखाल थौलधार की स्मृति डबराल का चयन राष्ट्रीय स्तर के लिए हुआ था। चयनित प्रतिभागी 27 से 31 दिसंबर को होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे।
मुख्य शिक्षा अधिकारी दिनेश चंद्र गौड़ ने जिला समन्वयक, मार्गदर्शक शिक्षकों एवं चयनित प्रतिभागियों की सराहना करते हुए उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सफलता की शुभकामनाएं दीं।