नरेंद्रनगर (टिहरी)। ऋषिकेश-धरासू हाईवे पर आगराखाल में एक कार दुर्घटनाग्रस्त में एक ही परिवार के पांच लोग घायल हो गए। एक महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जौलीग्रांट अस्पताल रेफर कर दिया। चार अन्य घायलों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
चंबा निवासी जोत सिंह रावत और प्रमोद दोनों भाइयों का परिवार रविवार शाम आठ बजे कार से देहरादून से चंबा आ रहा था। जोत सिंह स्वयं कार चला रहे थे। आगराखाल में कार रोक कर साइट लगाने के बाद जोत सिंह शौच चले गए। कार ढालन पर होने के कारण आगे बढ़ते हुई सड़क से 15 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। कार में बैठे जोत सिंह की पत्नी रीना (30), बेटी मानवी, संजना और प्रमोद की पत्नी शकुंतला (39), बेटा अरण्य भी खाई में जा गिरे। दुर्घटना में शकुंतला के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। अन्य लोगों को हल्की चोटें आई है। उनके साथ पीछे से दूसरी कार में आ रहे चंबा दिखोलगांव मनियार के प्रधान राजेंद्र सिंह घायलों को 108 की मदद से श्रीदेव सुमन चिकित्सालय ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने शकुंतला को जौलीग्रांट अस्पताल रेफर कर दिया है।