नई टिहरी। लंबे समय से आपरेशन थिएटर की समस्या से जूझ रहे जिला अस्पताल बौराड़ी को नया ओटी मिल गया है। सोमवार को विधायक धन सिंह नेगी ने ओटी का लोकार्पण किया।
विधायक नेगी ने कहा कि जिला अस्पताल में विशेषज्ञ डाक्टरों की नियुक्ति हुई, लेकिन पूर्व में बने ओटी में पर्याप्त जगह न होने से डाक्टरों को आपरेशन करने में दिक्कत आ रही थी। इसे देखते हुए विधायक निधि के चार लाख रुपये से ओटी का निर्माण किया गया। अस्पताल में उरेडा के माध्यम से छह लाख 75 हजार से 5-5 केवी के दो सोलर प्लांट लगाए जा रहे हैं, जिसमें सामुदायिक अंश पर आने वाले एक लाख 35 की धनराशि विधायक निधि से दी जाएगी। विधायक ने ओटी के बाहर टाइल्स लगाने को एक लाख 65 हजार देने की घोषणा की।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. सीपी त्रिपाठी ने बताया कि डाक्टरों के पद भरे जाने से ओपीडी में लगातार वृद्धि हो रही है, ऐसे में अतिरिक्त दवाई, फार्मेसिस्ट समेत अन्य पदों की नियुक्ति की जानी चाहिए। इस मौके पर डिप्टी सीएमओ डा. मनु जैन, डा. ऋचा थपलियाल, डीसीडीएफ अध्यक्ष अनुसूया नौटियाल, प्रमुख बेबी असवाल, जिला पंचायत सदस्य रागिनी भट्ट, तुुलसा चौधरी, अनीता कंडियाल, सुषमा उनियाल, भुवनेश्वरी उनियाल, मीना सेमवाल, कुसुम चौहान, गीता नेगी, विजय लक्ष्मी डंगवाल, आरएस रांगड़, जेपीएस मखलोगा, उदय रावत, गोपीराम चमोली, राकेश भट्ट, बृजमोहन जोशी, डा. आरपी जोशी आदि मौजूद थे।