घनसाली (टिहरी)। भिलंगना क्षेत्र पंचायत की बैठक एक बार फिर महज खानापूर्ति साबित हुई। बैठक में सक्षम अधिकारियों की अनुपस्थिति में समस्याओं का समाधान नहीं होने पर सदस्यों ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि अगली बैठक में जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित नहीं हुए, तो सदन का बहिष्कार किया जाएगा। निस्तारण नहीं होने पर सदन में लंबे समय से उठाई जा रही समस्याएं भी दोहराई गई।
सोमवार को ब्लॉक प्रमुख विजय गुनसोला की अध्यक्षता में आयोजित बीडीसी बैठक में प्रधान सुमन नैथानी, बिमला देवी और शीशपाल गुसाईं ने झूलते बिजली के तारों की शिकायत की। सदस्य किशन सिंह रावत, कुंवर सिंह, सूरत सिंह ने बताया कि छतियारा-खवाड़ा मोटर मार्ग खस्ताहाल बना हुआ है। बीडीसी सदस्य पारेश्वर बडोनी ने कहा कि सदन में उठाई गई समस्याओं का समय से निस्तारण नहीं किया जाता है, तो सदन का बहिष्कार कर आंदोलन किया जाएगा। प्रमुख ने सदन में उठाई जाने वाली समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सदस्य केदार बर्तवाल, रामकुमार कठैत, ज्येष्ठ प्रमुख पूरब सिंह पंवार, बीडीओ बीपी रिंगोड़ी, निर्मला बिष्ट, रघुवीर सिंह रावत आदि मौजूद थे।