चंबा (टिहरी)। अप्रैल में नया शिक्षा सत्र शुरू होने से पहले गोपेश्वर में श्रीदेव सुमन विवि का पहला कैंपस कॉलेज अस्तित्व में आ जाएगा। कुलाधिपति डा. केके पाल फरवरी में कैंपस कॉलेज चमोली जिलेवासियों को समर्पित करेंगे। कैंपस में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करने के लिए विवि प्रशासन ने 50 करोड़ का प्रस्ताव तैयार कर शासन को सौंप दिया है। नए शिक्षा सत्र 2018 में श्रीदेव सुमन विवि ही कैंपस कॉलेज में छात्र-छात्राओं को प्रवेश देगा।
प्रदेश सरकार ने 7 सितंबर को गोपेश्वर महाविद्यालय को श्रीदेव सुमन विवि का कैंपस कॉलेज बनाने का शासनादेश जारी कर दिया था। अप्रैल से राजकीय महाविद्यालय गोपेश्वर की सभी व्यवस्थाएं श्रीदेव सुमन विवि के अधीन आ जाएगी। महाविद्यालय को कैंपस कॉलेज का स्वरूप देने के लिए विवि प्रशासन इन दिनों जोरशोर से तैयारियों में जुटा हुआ है। क्योंकि जुलाई से शुरू होने वाले नए सत्र में श्रीदेव सुमन विवि ही कैंपस कॉलेज में छात्रों को प्रवेश देगा।
कुलपति डा. यूएस रावत ने बताया कि कैंपस कॉलेज बनाने के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। फरवरी में कुलाधिपति डा. केके पाल कैंपस कॉलेज का शुभारंभ करेंगे। बताया महाविद्यालय के पास आठ एकड़ भूमि उपलब्ध है। विज्ञान संकाय भवन का मरम्मत कार्य किया जाना है। इसके अलावा फैकल्टी के लिए आवासीय भवनों, ई पुस्तकालय, एक छात्रावास, एक आडिटोरियम और गेस्ट हाउस का निर्माण किया जाना है। बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करने के लिए विवि ने सभी तैयारियां पूरी कर ली है।