नई टिहरी। ऊर्जा निगम की लापरवाही चंबा विकास खंड के नैचोली क्षेत्र के एक दर्जन गांवों के विद्युत उपभोक्ताओं पर भारी पड़ रही है। बिल जमा करने के लिए उपभोक्ताओं को 40 किमी दूर चंबा की दौड़ लगानी पड़ रही है।
चंबा विकास खंड के नैचोली, कुल्पी, पयालगांव, बरसुडगांव, अखोड़ीसेरा, तैला, कांडाखेत, कुरंगोली, नौल्टा, फिपल्टी, भासौ, पयालगांव, गैरोगी, वंडरिया, सिरोली और डोभालगांव के विद्युत उपभोक्ता के बिल केशरधार नैचोली में जमा होते थे। ऊर्जा निगम के उप खंड कार्यालय चंबा से प्रति दो माह में 15 से 20 तारीख के बीच कर्मचारी बिल जमा करने के लिए केशरधार नैचोली पहुंचते थे, लेकिन बीते जून से कर्मचारी केशरधार नैचोली बिल जमा करने नहीं पहुंच रहे हैं। ऊर्जा निगम की इस लापरवाही के कारण क्षेत्र के सैकड़ों उपभोक्ताओं को बिल जमा करने के लिए चंबा तक 40 किमी की दौड़ लगानी पड़ रही है। बिल जमा करने के लिए 100 रुपये अतिरिक्त देना पड़ रहा है। क्योंकि केशरधार नौचोली से चंबा तक वाहन का किराया 100 रुपये है।
मंगलवार को इस संबंध में नैचोली की प्रधान फ्योला देवी, पयालगांव के उम्मेद सिंह, दिनेश प्रसाद उनियाल, मदन लाल, पीटीए अध्यक्ष विजय राम, बेताल सिंह व राजवीर सिंह चौहान ने डीएम से मिलकर समस्या के समाधान की मांग की। उन्होंने डीएम को बताया कि क्षेत्र में रसोई गैस की सप्लाई ऋषिकेश स्थित ऋषि गैस से होती है, लेकिन गैस का ट्रक सिर्फ गजा नकोट तक ही पहुंचता है। जिससे लोगों को गैस भरने के लिए पांच से दस किमी दूर आना पड़ता है। उन्होंने ट्रक से गैस की सप्लाई कठूड, नैचोली तक करने की मांग उठाई। जल्द समस्या का समाधान न होने पर उन्होंने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
कोट
केशरधार नैचोली क्षेत्र के उपभोक्ताओं की समस्याओं को देखते हुए बिल जमा करने के लिए शिविर आयोजित किया जाएगा। जल्द ही शिविर की तिथि घोषित कर लोगों को सूचना भेज दी जाएगी।
-राकेश कुमार, ईई ऊर्जा निगम टिहरी