घनसाली (टिहरी)। सड़क निर्माण की स्वीकृति मिलने के दो साल बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से पोखार, गेंवली और पजगंाव के लोगों का मंगलवार को लोनिवि कार्यालय में गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने प्रदेश सरकार और लोनिवि के खिलाफ जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। कहा सड़क निर्माण न होने पर उन्हें 10 किमी की पैदल दूरी तय करनी पड़ रही है। विभागीय अधिकारी कभी वन अधिनियम और कभी बजट का अभाव बताकर सड़क निर्माण शुरू करने में रुचि नहीं ले रहे हैं।
वर्ष 2014-15 में ग्रामीणों की मांग पर प्रदेश सरकार ने पोखार-गेंवली-पजगंाव के लिए 10 किमी सड़क निर्माण की स्वीकृति दी थी, लेकिन स्वीकृति के दो साल बाद भी सड़क निर्माण न होने से क्षेत्र के लोगों में शासन-प्रशासन के प्रति भारी आक्रोश व्याप्त है। सड़क निर्माण की एक सूत्री मांग को लेकर स्थानीय लोग जुलूस-प्रदर्शन के साथ मंगलवार को लोनिवि कार्यालय में पहुंचे। प्रदेश सरकार और लोनिवि के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
गोपाल सिंह रावत ने कहा कि सड़क निर्माण शुरू करने की गुहार कई बार विभागीय अधिकारियों से लगाई जा चुकी है। बाद में लोनिवि के ईई एनएल वर्मा ने आंदोलनरत लोगों से वार्ता कर उन्हें एक माह के अंतर्गत सड़क मार्ग पर पड़ने वाले पेड़ों का छपान शुरू करने का आश्वासन दिया। प्रदर्शनकारियों में सरोप सिंह उत्तम सिंह, दिवान सिंह, सुंदर सिंह, पंचम सिंह, जीत सिंह, अनूप सिंह, विमल सिंह, गुलाब सिंह, देव सिंह, केदार सिंह, राजेंद्र सिंह, पूर्ण सिंह, प्रकाश, संजय, पुष्पा देवी, सावित्री देवी, आरती, अंजना, धन सिंह केशर सिंह आदि शामिल रहे।