नई टिहरी। जिलाधिकारी सोनिका की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट में आयोजित जनता दरबार में 16 लोगों ने फरियाद रखी। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश दिए।
सोमावार को डीएम ने जनता दरबार में शिकायतें सुनी। पुरानी टिहरी शहर के वार्ड तीन के बांध विस्थापित पूर्णानंद जोशी, शकुंतला पंत, टेकेंद्र पंत, सुशील पांडेय, मोर सिंह पुंडीर, प्रेमा पांडेय, जगदंबा पांडेय आदि ने उच्च न्यायालय के दिसंबर 2016 के आदेश के बाद भी विस्थापितों को बढ़े हुए दर पर प्रतिकर भुगतान न करने की शिकायत की। पलास चंबा की कस्तूरी देवी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास देने की मांग की। कुलभूषण नौटियाल ने दुग्ध संघ में लगे वाहन का भुगतान करने, जौनपुर उपली उडासू निवासी अरुण प्रसाद ने राज्यसभा सांसद अशोक एस गांगुली की सांसद निधि से स्वीकृत पेयजल योजना का निर्माण एक साल बाद भी न होने पर रोष व्यक्त किया। कठूली निवासी बलबीर पंवार ने स्वजल परियोजना के ओर से उनके गांव में कराए गए कार्यों की जांच की मांग की। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी आशीष भटगांई, डीडीओ भरत चंद्र भट्ट, वरिष्ठ कोषाधिकारी रोमिल चौधरी, जल संस्था के ईई सतीश नौटियाल, लोनिवि के ईई केएस नेगी आदि मौजूद थे।