चंबा। चंबा-पुरानी टिहरी रोड से अतिक्रमण हटाने के लिए प्रशासन ने लोगों को दो दिन की मोहलत दी है। शनिवार को लोनिवि ने मौके पर पहुंचकर लोगों से रविवार तक चिह्नित अतिक्रमण खुद ही हटाने को कहा है। उन्होंने कहा कि कोई स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाता है, तो सोमवार से प्रशासन की जेसीबी दोबारा से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करेगी।
चंबा-पुरानी टिहरी मोटर मार्ग पर पिछले दिनों लोनिवि ने सर्वे कर 72 स्थानों में अतिक्रमण पाया था, जिस पर शुक्रवार से प्रशासन और लोनिवि ने पुलिस फोर्स के साथ संयुक्त अभियान चलाकर 20 स्थानों से अतिक्रमण हटाया था। हालांकि इस दौरान कई लोगों ने प्रशासनिक कार्रवाई का विरोध किया था, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच हुई वार्ता के बाद प्रशासन ने लोगों को स्वयं ही अतिक्रमण हटाने की मोहलत दी थी। वार्ता के अनुरूप शनिवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नहीं की गई। लोनिवि के सहायक अभियंता केएस रावत ने मौके पर पहुंचकर लोगों को बताया कि दो दिन के भीतर सभी लोग खुद ही अतिक्रमण हटा दें। वार्ता के अनुरूप कोई अपना अतिक्रमण नहीं हटाता है, तो सोमवार से प्रशासन स्वयं अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई फिर से शुरू करेगा।